अंतर्राष्ट्रीय हिंदू महासंघ प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारा नौतपा की भीषण गर्मी को देखते हुए मेघनगर की विभिन्न बस्तियों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को मिट्टी से बने ठंडे पानी के मटके वितरित किए गए।
नौतपा शुरू होते ही क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में आमजन, विशेषकर गरीब परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य किया गया। अभिनंदन जैन स्वयं बस्तियों में पहुंचे और परिवारों को मटके प्रदान कर गर्मी में ठंडे पानी की व्यवस्था करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अभिनंदन जैन ने कहा कि भीषण गर्मी के समय जरूरतमंद लोगों की सहायता करना मानव सेवा का सबसे बड़ा धर्म है। मिट्टी के मटके न केवल पानी को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं प्रेरणादायक कार्यों से समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ता एवं सामाजिकजन भी उपस्थित रहे।