कल्याणपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कल्याणपुर में मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को उमंग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा व्यक्तिगत स्वच्छता और संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं और स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं पर खुलकर चर्चा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उमंग स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए ग्रुप डिस्कशन, रोल प्ले एवं एक्टिविटी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बात बेझिझक रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं “खुल के पूछो, खुल के जानो” संदेश के जरिए किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सवाल बिना झिझक पूछने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य सहायता से संबंधित टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416, Manhit ऐप एवं मनकक्ष के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।
इस दौरान नेत्र सहायक रजदान RKSK परामर्शदाता सुनील भूरिया सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संस्था प्राचार्य श्री परमानंद कोचरा के निर्देशन में संस्था के स्टेट मास्टर ट्रेनर श्री ईश्वरलाल गुर्जर द्वारा किया गया। उमंग क्विज का संचालन श्री पल्लू सिंह चौहान ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उमंग हेल्थ एंड वैलनेस एंबेसडर के रूप में प्रभावी सहयोग प्रदान किया।