मना किया तो मारपीट, फिर जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए!
महिला को कमरे में बंद करने का आरोप..
कल्याणपुरा पुलिस का एक्शन…महिला को घर जाकर छुड़वाया…..प्रकरण किया दर्ज
लक्की राठौड़ | झाबुआ ✍️
कल्याणपुरा। थाना कल्याणपुरा क्षेत्र में एक महिला को कथित रूप से उसकी इच्छा के विरुद्ध पकड़कर मोटरसाइकिल से ले जाने और घर के कमरे में बंद करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति, देवर और सास के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सास देमाबाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पाडलघाटी निवासी महिला पिछले करीब तीन वर्षों से पति से विवाद के चलते मायके में रह रही थी। 9 सितंबर को वह कल्याणपुरा हाट बाजार करने आई थी। इसी दौरान रायपुरिया तिराहे पर उसका पति प्रियेश, देवर रितेश और सास देमाबाई वहां पहुंचे।
फरियादिया ने आरोप लगाया कि तीनों ने उसे अपने साथ चलने को कहा। मना करने पर उसे कथित रूप से जबरन पकड़कर मोटरसाइकिल पर बैठाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर थप्पड़-मुक्कों से मारपीट करने, मुंह दबाने और जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाने का आरोप है।
इसके बाद महिला के अनुसार, प्रियेश और रितेश उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध ग्राम खेडी स्थित घर ले गए, जहां उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को कमरे से बाहर निकलवाया।
मामले में थाना कल्याणपुरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 311/2026 के तहत धारा 140(3), 115(2), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस ने आरोपी सास देमाबाई पति डुंगरसिंह सिंगाड को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपों और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की विवेचना जारी है।
महिला की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।