50 फरियादियों की समस्याएं सुन SP देवेंद्र पाटीदार ने दिखाई गंभीरता, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

50 फरियादियों की समस्याएं सुन SP देवेंद्र पाटीदार ने दिखाई गंभीरता, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जनसुनवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों से लिया मामलों का फीडबैक, समय-सीमा में निष्पक्ष निराकरण पर जोर

महिला संबंधी शिकायतों पर विशेष फोकस, लापरवाही बरतने और मामलों को लंबित रखने से बचने के निर्देश

लक्की राठौड़ झाबुआ ✍️

झाबुआ | आमजन की समस्याओं के निराकरण और पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 आवेदकों की शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। एसपी ने प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की और शिकायतों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।

शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं चलेगी

जनसुनवाई के दौरान एसपी देवेंद्र पाटीदार ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया।

महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश

महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और ऐसे प्रकरणों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरती जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जनसुनवाई से मजबूत होगा पुलिस-जन विश्वास

एसपी देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना और आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना है। झाबुआ पुलिस पारदर्शी कार्यप्रणाली, जवाबदेही और बेहतर पुलिस-जन संवाद के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से साप्ताहिक जनसुनवाई और शिकायतों की नियमित समीक्षा की व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।