देवीगढ़ में नीलगाय की मौत से मचा हड़कंप, किसान गिरफ्तार
ग्रामीणों का आरोप—नीलगाय को दौड़ाकर कुल्हाड़ी से मारा; आरोपी का दावा—खेत से बाहर निकालते समय हुआ हादसा
महेंद्र देवड़ा झाबुआ ✍️
थांदला। थांदला के समीप ग्राम देवीगढ़ में रविवार को नीलगाय की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने एक किसान पर नीलगाय को खेत में दौड़ाकर कुल्हाड़ी से मारने का आरोप लगाया है। मामले में वन विभाग ने आरोपी किसान भागीरथ पाटीदार को गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपी ने नीलगाय की हत्या करने से इनकार करते हुए घटना को हादसा बताया है। वन विभाग ने नीलगाय के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप, वन विभाग ने की कार्रवाई
ग्रामीणों के अनुसार, भागीरथ पाटीदार निवासी जामली, थाना रायपुरिया, वर्तमान में देवीगढ़ में रहकर खेती का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक नीलगाय उनके खेत में घुस गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे नाराज होकर किसान ने नीलगाय को खेत में दौड़ाया और कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग और डायल 112 को दी। सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी तोलाराम हटीला मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर नीलगाय के शव को जब्त किया। मामले में कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने आरोपी भागीरथ पाटीदार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी का पक्ष—खेत से बाहर निकालते समय हुआ हादसा
मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी तोलाराम हटीला के अनुसार, घटना के बाद भागीरथ पाटीदार स्वयं वन विभाग के समक्ष उपस्थित हुए थे। उन्होंने बताया कि नीलगाय उनके खेत में घुस गई थी और उसे खेत से बाहर निकालने के दौरान हादसा हो गया। आरोपी ने नीलगाय की हत्या करने से इनकार किया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। नीलगाय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सरपंच और प्रत्यक्षदर्शी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्राम देवीगढ़ के सरपंच राज बामनिया और घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे दीपक कटारा ने आरोप लगाया कि भागीरथ पाटीदार ने नीलगाय को दौड़ाकर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।