जामली में साइकिलों की बरसात, 144 छात्राओं के चेहरे खिले – कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने की सौगात

Oplus_0

राहुल राठौर/जामली

ग्राम जामली का शासकीय हाई स्कूल शुक्रवार को उत्सव स्थल में तब्दील हो गया, जब मंच पर एक साथ 144 चमचमाती साइकिलें कतार में खड़ी नज़र आईं। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जब छात्राओं को साइकिल की चाबियां सौंपीं, तो पूरा विद्यालय परिसर तालियों और खुशियों से गूंज उठा।

मंत्री भूरिया ने इस अवसर पर कहा – “ग्रामीण अंचल के नौनिहाल देश का भविष्य हैं। सरकार का संकल्प है कि शिक्षा की राह में कोई बाधा न आए। साइकिल मिलने से बेटियां आत्मनिर्भर बनेंगी और समय पर विद्यालय पहुँच सकेंगी।”

कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती शांतिबाई दायमा, शिक्षा समिति अध्यक्ष श्रीमती दुर्गाबाई पड़ियार, हेमंत जी भट्ट, अजमेर सिंह जी भूरिया, लक्ष्मण मालीवाड़, शांतिलाल मुनिया, कन्नू जी मैड़ा, जितेंद्र राठौर, कालू सिंह जी, नरेंद्रपाल सिंह जी राठौर, उप सरपंच प्रेमराज जी पाटीदार और नंदलाल जी पाटीदार सहित अनेक गणमान्य जनों की उपस्थिति ने समारोह को भव्य बना दिया।

संकुल प्राचार्य श्री देवेंद्र रांका ने स्वागत भाषण में इस योजना को “शिक्षा की ओर स्वर्णिम कदम” बताया। विद्यालय स्टाफ ने सभी अतिथियों का फूल मालाओं से अभिनंदन कर माहौल को और गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन कुशलता से रामचंद्र पाटीदार ने किया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों की मुस्कान देखने लायक थी। कई छात्राओं ने कहा कि अब उन्हें दूर-दराज से विद्यालय आने में कोई कठिनाई नहीं होगी।

इस ऐतिहासिक दिन ने जामली हाई स्कूल के पन्नों पर स्वर्णिम अक्षरों से नई इबारत लिख दी। सचमुच, यह सिर्फ साइकिल वितरण नहीं बल्कि बेटियों के भविष्य की रफ्तार बढ़ाने का संकल्प है।