महाशिवरात्रि पर जामली बना शिवमय, दूल्हा बने भोलेनाथ की निकली भव्य बारात…
प्राचीन मंदिर में आस्था का सैलाब, दिनभर हुआ अभिषेक-हवन…
बैंड-बाजे के साथ निकली शिव बारात, गांव में बरसी श्रद्धा की वर्षा
राहुल राठौड़ जामली
जामली। आस्था, भक्ति और उत्साह के पावन संगम के साथ जामली गांव में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गांव के प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और हवन की सुगंध से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दिनभर “हर-हर महादेव” के जयकारों से गांव गुंजायमान रहा।
शाम को बाबा भोलेनाथ को दूल्हा स्वरूप में सुसज्जित किया गया। आकर्षक झांकी के साथ बैंड-बाजों की मधुर धुन पर भगवान की भव्य बारात गांव के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया।
बारात के पश्चात मंदिर में महाआरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अंत में भांग एवं प्रसादी का वितरण कर भक्तों ने पुण्य लाभ अर्जित किया।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा जामली गांव भक्तिरस में सराबोर नजर आया।