शिवरात्रि पर मंदिर शिवालय में उमड़ा आस्था का जनसैलाब।

राणापुर योगेश चौहान

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राणापुर नगर से लगभग 12 किलोमीटर दूर, स्थित देवल फलिया के अति प्राचीन पंचलिंग महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह 4 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लगना प्रारंभ हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध तरीके से पंचलिंग महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया।
शिवरात्रि प्रारंभ होते ही रात्रि 12 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात प्रातः 6 बजे पुनः महाआरती संपन्न हुई। वहीं सायंकाल 6 बजे भी महाआरती का विशेष आयोजन रखा गया है। मंदिर के पंडितजी द्वारा विधि-विधान से समस्त पूजा-अर्चना संपन्न करवाई गई।

राणापुर क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर माने जाने वाला यह पंचलिंग महादेव मंदिर वर्षों पुराना और अत्यंत प्रसिद्ध है।

प्रतिवर्ष शिवरात्रि के दिन यहां हजारों की संख्या में भक्तजन दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष भी मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गुंजायमान रहा।

सुरक्षा व दर्शन व्यवस्था पचलिंग महादेव समिति व राणापुर थाना प्रशासन टिम द्वारा संभाली गई ।

दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन, थाना प्रभारी दिनेश रावत एवं पंचलिंग महादेव समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने हेतु सुंदर व्यवस्था की गई। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में सतत निगरानी रखी जा रही थी।
थाना प्रशासन की टीम एवं पंचलिंग महादेव समिति के कार्यकर्ता पूरे समय मुस्तैदी से तैनात रहे। व व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे ।

खिचड़ी वितरण विधायक विक्रांत भूरिया द्वारा किया गया

प्रसादी वितरण में दिखी सेवा भावना प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में ढाई क्विंटल से अधिक फ़रियाली खिचड़ी का वितरण किया गया। सर्वप्रथम विक्रांत भूरिया व समस्त कार्यकर्तगण गोमुख से निकलते पवित्र नर्मदा जल से हाथ मुंह धोएं,उसके बाद पंचलिंग महादेव के दर्शन किए गए, तत्पश्चात प्रसादी वितरण का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।

भाजपा जिला अध्यक्ष भानु भूरिया ने केले व अंगूर की प्रसादी वितरण की

भाजपा जिला अध्यक्ष भानु भूरिया द्वारा केले की प्रसादी वितरित की गई। अन्य श्रद्धालुओं ने भी अपनी आस्था अनुसार अंगूर एवं अन्य प्रसाद का वितरण किया।

सायंकाल पंचलिंग महादेव समिति द्वारा पुनः भव्य आरती का आयोजन किया गया । जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण शामिल हुए ।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवरात्रि पर्व देवल फलिया स्थित पंचलिंग महादेव मंदिर में हर्षोल्लास, श्रद्धा और सेवा भावना के साथ मनाया जा रहा है।