विकास मंच ने थाना प्रभारी के.सी. सिर्वी का किया आत्मीय स्वागत

विकास मंच ने थाना प्रभारी के.सी. सिर्वी का किया आत्मीय स्वागत

नई जिम्मेदारी पर दी बधाई, कानून-व्यवस्था एवं जनहित के मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा

तेजा गाहरी राणापुर ✍️

राणापुर। राणापुर थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ के.सी. सिर्वी से जनजाति विकास मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सौजन्य भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंच की ओर से थाना प्रभारी का पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

मुलाकात के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। मंच के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।

मंच के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी से अपेक्षा जताई कि वे आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए जरूरतमंद लोगों को पुलिस स्तर पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे। साथ ही सामाजिक सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

थाना प्रभारी के.सी. सिर्वी ने जनजाति विकास मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच आपसी सहयोग एवं संवाद कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

इस अवसर पर जनजाति विकास मंच के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। मंच के सदस्यों ने थाना प्रभारी के.सी. सिर्वी के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें पुनः शुभकामनाएं दीं।