राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सक्षम कार्यक्रम अंतर्गत शैक्षणिक भ्रमण एवं जागरूकता रैली का आयोजन

राधेश्याम पाटीदार

रायपुरिया | विकासखंड पेटलावद | जिला झाबुआ
राष्ट्रीय बालिका दिवस के पावन अवसर पर कन्या माध्यमिक स्कूल रायपुरिया द्वारा सक्षम कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 24 जनवरी 2026 को छात्राओं का एक शैक्षणिक, जागरूकता एवं सशक्तिकरण भ्रमण आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने विद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकालते हुए नजदीकी थाना परिसर तक पहुंची। इस रैली का उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा, आत्म-संरक्षण, समान अधिकार एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति चेतना विकसित करना रहा।
रैली के उपरांत थाना परिसर में आयोजित शैक्षणिक सत्र के दौरान थाना प्रभारी मैडम गीता जाटव द्वारा छात्राओं को साइबर क्राइम, गुड टच–बैड टच, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता (हेल्थ हाइजीन), डिजिटल सुरक्षा तथा व्यक्तिगत सुरक्षा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर सरल, स्पष्ट एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अज्ञात कॉल/मैसेज से सतर्कता, तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 एवं स्थानीय पुलिस से तुरंत संपर्क करने के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कन्या माध्यमिक स्कूल रायपुरिया के प्रधान अध्यापक श्री राजेंद्र जी पाटीदार, सक्षम विकासखंड अधिकारी पेटलावद श्री संजय राठौर की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विद्यालय की शिक्षिकाएँ श्रीमती राजकुमारी जैन एवं श्रीमती पिंकी मोरी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती मंजू शुक्ला एवं श्रीमती हंसा बैरागी का महत्वपूर्ण सहयोग एवं समन्वय प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा प्रश्न–उत्तर सत्र के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह जागरूकता रैली एवं शैक्षणिक भ्रमण, सक्षम कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप, बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं निर्णय लेने की योग्यता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुई।