कांग्रेस ने फूंका डिप्टी सीएम का पुतला…

कार्तिक हटीला झाबुआ 

शनिवार को झाबुआ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और वन मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक रैली निकाली और जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार पर सेना के अपमान का आरोप लगाया। कांग्रेस ने यह विरोध प्रदर्शन भाजपा नेताओं के सेना को लेकर दिए गए विवादित बयानों के खिलाफ किया।

विवाद की शुरुआत मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए आपत्तिजनक बयान से हुई। उन्होंने महू में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि जिन लोगों (आतंकियों) ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदी जी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करा दी। इस आपत्तिजनक बयान को लेकर एमपी हाईकोर्ट के आदेश पर मंत्री विजय शाह के खिलाफ इंदौर के मानपुर थाने में FIR दर्ज की गई थी।

वहीं, शुक्रवार को जबलपुर में सिविल डिफेंस वालंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे… और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक… उनके चरणों में नतमस्तक है।