रामा ब्लाक के रोटला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो के आधार पर हिंदू युवा जनजाति संगठन ने छात्रावास में कथित रूप से अवैध धर्मांतरण एवं धार्मिक गतिविधियों के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
संगठन के कार्यकर्ता झाबुआ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई ।
संगठन के प्रतिनिधि कमलेश मावी ने आरोप लगाया कि छात्रावास में बालिकाओं से ईसाई प्रार्थना और धार्मिक गीत गवाए जा रहे हैं। उन्होंने वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के दौरान कुछ छात्राओं के भी उपस्थित होने की बात सामने आई। मीडिया से बातचीत में कुछ छात्राओं ने छात्रावास में भोजन व्यवस्था एवं व्यवहार संबंधी शिकायतें भी कीं। हालांकि इन आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ छात्राएं धार्मिक पुस्तक पढ़ते हुए दिखाई दे रही हैं। इन वीडियो की सत्यता एवं संदर्भ की प्रशासनिक जांच की मांग की जा रही है।
इस मामले को लेकर हिन्दू संगठनों में नाराज़गी देखी जा रही है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए हैं कि मामले की जांच कर तथ्य स्पष्ट किए जाएंगे।