शिवगढ़ डेम पहुंचीं SDM प्रधान, खेतों में महिलाओं से किया सीधा संवाद

शिवगढ़ डेम पहुंचीं SDM प्रधान, खेतों में महिलाओं से किया सीधा संवाद

उन्नत खेती और जल संरक्षण की जमीनी हकीकत जानी, नकदी फसलों की प्रगति का लिया जायजा

लक्की राठौड़ | झाबुआ ✍️

मेघनगर। तहसील के 20 गांवों में खेती को उन्नत एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से एनएम सद्गुरु फाउंडेशन द्वारा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से कृषि एवं जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। परियोजना के अंतर्गत किसानों को उन्नत खेती का प्रशिक्षण, उन्नत बीज वितरण, कुओं का गहरीकरण, ड्रिप एवं पाइपलाइन व्यवस्था, सोलर पंप तथा जल संचय के लिए डेम निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को मेघनगर एसडीएम अवनधती प्रधान ने ग्राम शिवगढ़ पहुंचकर फाउंडेशन द्वारा निर्मित डेम का निरीक्षण किया। एसडीएम ने डेम क्षेत्र का अवलोकन करने के साथ आसपास के खेतों में कार्य कर रही महिलाओं से सीधे संवाद किया और डेम निर्माण के बाद खेती एवं सिंचाई व्यवस्था में आए बदलावों की जानकारी ली।

महिलाओं से जानी उन्नत खेती की प्रगति

चर्चा के दौरान महिलाओं ने बताया कि फाउंडेशन से मिले प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से प्रेरित होकर वे पारंपरिक खेती के साथ भिंडी, मिर्च, टमाटर एवं हल्दी जैसी नकदी फसलों की खेती कर रही हैं। एसडीएम प्रधान ने खेतों में पहुंचकर आधुनिक एवं हाईटेक खेती का भी अवलोकन किया और किसानों से खेती की लागत, उत्पादन तथा जल उपलब्धता को लेकर सीधा संवाद किया।

एसडीएम ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने के साथ जल संरक्षण को खेती के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी ली।

देदला में कलश यात्रा में भी हुईं शामिल

इसके बाद एसडीएम प्रधान ग्राम देदला पहुंचीं, जहां फाउंडेशन द्वारा संचालित जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कलश यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं से जल संरक्षण को लेकर चर्चा की तथा वर्षा जल के संरक्षण और उसके बेहतर उपयोग का संदेश दिया।

इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ सर्वेश यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर दारा सिंह चौहान, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं फाउंडेशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।