सरस्वती शिशु मंदिर जामली में गरबा उत्सव की धूम, कन्या पूजन कर लिया मां अंबे का आशीर्वाद

सरस्वती शिशु मंदिर जामली में गरबा उत्सव की धूम, कन्या पूजन कर लिया मां अंबे का आशीर्वाद

भैया-बहनों ने गरबा नृत्य की दी मनमोहक प्रस्तुति, कन्या पूजन एवं सहभोज के माध्यम से दिया धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश

राहुल राठौड़ जामली ✍️

जामली। ग्राम भारती शिक्षा समिति, जिला झाबुआ द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर जामली में गरबा उत्सव, कन्या पूजन एवं सहभोज का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने मां अंबे की आराधना के साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं संस्कारों का सुंदर संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां अंबे एवं कन्याओं के पूजन के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। इसके पश्चात विद्यालय के भैया-बहनों ने गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पारंपरिक गरबा नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

गरबा उत्सव के पश्चात कन्या भोज एवं सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान, कन्या पूजन तथा धार्मिक परंपराओं के महत्व से परिचित कराया गया।

इस अवसर पर ग्राम भारती शिक्षा समिति के कोषाध्यक्ष श्री रामचंद्र पाटीदार, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अरुण बैरागी एवं आचार्य परिवार की समस्त दीदी उपस्थित रहीं। सभी ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।

विद्यालय में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में संस्कार, श्रद्धा और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।