सूने मकान में छिपा था शराब का जखीरा, आबकारी विभाग ने 36 पेटी अवैध मदिरा की जब्त…
हरदासपुर में डेढ़ लाख से अधिक की बीयर व अंग्रेजी शराब बरामद, अज्ञात तस्कर के खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज….
नीलेश डावर जोबट ✍️
आलीराजपुर। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वृत्त आलीराजपुर के ग्राम हरदासपुर (थाना आम्बुआ) स्थित एक सूने मकान में छिपाकर रखी गई 36 पेटी अवैध मदिरा जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई इंदौर संभाग के उपायुक्त आबकारी इंदरसिंह जामोद, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी आर.एस. राय के मार्गदर्शन में विशेष अभियान के दौरान की गई। आबकारी टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरदासपुर के सूने मकान पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
जब्त मदिरा में अंबी वाइन, पंजाब में विक्रय होने वाली ट्यूबर्ग बीयर, रॉयल स्टैग तथा बैगपाइपर व्हिस्की सहित अन्य अंग्रेजी मदिरा शामिल है। बरामद शराब की मात्रा 50 बल्क लीटर से अधिक होने के कारण आबकारी विभाग ने पूरी खेप को अपने कब्जे में लेकर विधिसम्मत कार्रवाई की।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी.एस. रावत के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई का संचालन आबकारी उपनिरीक्षक जयश्री त्रिपाठी ने किया। इस दौरान गंभीरसिंह वास्कले, मोहित बिरला, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र रावत, अमानुल्लाह खान, आरक्षक कालू सिंह बघेल, हितेंद्र सिंह चावड़ा, आयुष रावत, विवेक बरडे एवं सैनिक सिलास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।