हाट बाजार में युवती से मारपीट, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्शन में, आरोपी को जेल भेजा
लक्की राठौड़ झाबुआ ✍️
झाबुआ/थांदला। मंगलवार, 25 अगस्त को थांदला के साप्ताहिक हाट बाजार में एक युवक द्वारा युवती का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करने, अपशब्द कहने और जबरदस्ती करने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी लोगों की नजरें टिक गई थीं।
मामला सामने आते ही थांदला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर आरोपी युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी गोलू पिता रमेश राणा, निवासी टीमरुपाड़ा, थाना थांदला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बताया गया कि साप्ताहिक हाट के दौरान थांदला के अति व्यस्त नयापुरा रोड पर आरोपी ने कथित तौर पर युवती का रास्ता रोका और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए अपशब्द कहे गए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। वहीं, थांदला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसकी पहचान होने के बाद तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के साथ बदसलूकी और मारपीट के मामलों में कार्रवाई को लेकर पुलिस अब सख्त नजर आ रही है।