जनसुनवाई में दिखा संवेदनशील पुलिस प्रशासन का चेहरा एसपी देवेंद्र पाटीदार ने खुद सुनीं फरियादें,  कई मामलों का मौके पर कराया समाधान

झाबुआ:अक्षय चौहान

आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय झाबुआ में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में पुलिस प्रशासन का संवेदनशील और सक्रिय चेहरा देखने को मिला।

जनसुनवाई में स्वयं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार मौजूद रहे और जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। एसपी श्री पाटीदार ने कई मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और मौके पर ही शिकायतों का निराकरण कराया। समस्याओं का तुरंत समाधान होने पर दूर-दराज से आए लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया।

महिला सुरक्षा और महिलाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने थाना प्रभारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय मिलना सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को जांच एवं कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। एसपी श्री पाटीदार ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।

जनसुनवाई के माध्यम से एक बार फिर पुलिस प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है।