बामनिया में बच्चों को पकड़ने की कोशिश से मचा हड़कंप
मस्जिद मोहल्ले में घर में घुसी संदिग्ध महिला, बच्ची की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
पुलिस बोली — मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही महिला, जांच जारी
लक्की राठौड़ झाबुआ
बामनिया। सोमवार दोपहर बामनिया के मस्जिद मोहल्ले में उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक संदिग्ध महिला अचानक एक घर में घुस गई और वहां मौजूद बच्चों को पकड़ने की कोशिश करने लगी। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। काफी देर तक मोहल्ले में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार महिला अचानक अमजद मंसूरी के घर में दाखिल हुई। उस समय घर के अंदर छोटे बच्चे खेल रहे थे। महिला बच्चों के करीब पहुंची ही थी कि घर में मौजूद करीब सात वर्षीय बच्ची ने खतरे को भांप लिया और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। बच्ची की आवाज सुनते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। घर के अंदर महिला को बच्चों के पास संदिग्ध स्थिति में देखकर परिवार के लोग घबरा गए।
परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों के बीच चर्चा फैल गई कि महिला बच्चों को चोरी करने की नीयत से घर में घुसी थी। इसी बीच महिला अजीबोगरीब हरकतें करने लगी और ठीक से जवाब भी नहीं दे पा रही थी, जिससे लोगों में भय और बढ़ गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन उस समय बामनिया पुलिस चौकी पर कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। इसी कारण पुलिस तत्काल महिला को अपने कब्जे में नहीं ले सकी। बाद में स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार के सदस्य स्वयं महिला को लेकर पुलिस चौकी पहुंचे, जहां उससे पूछताछ की गई।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि यदि चौकी पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहतीं तो कार्रवाई और तेजी से हो सकती थी। मोहल्लेवासियों ने बामनिया चौकी पर स्थायी रूप से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
मामले को लेकर बामनिया चौकी प्रभारी हीरालाल मालीवाड़ ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ जैसी हरकतें कर रही थी। महिला के पास मौजूद एक थैली में कुछ रोटी के टुकड़े भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान करने और पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने में जुटी हुई है।
घटना के बाद इलाके में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं लोगों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को अकेला न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।