मंत्री निर्मला भूरिया की पहल से बामनिया–पेटलावद को बड़ी सौगात, 21.59 करोड़ के रोड ओवर ब्रिज को मिली प्रशासनिक मंजूरी

दिलीप मालवीय झाबुआ

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के सतत प्रयासों से बामनिया–पेटलावद क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत रतलाम–बामनिया बायपास राजमार्ग पर दाहोद–रतलाम सेक्शन के लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 72 (कि.मी. 609/10–12) पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 21.59 करोड़ रुपये है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इस रोड ओवर ब्रिज के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार होगा। रेल फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से आम नागरिकों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा।

इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत और आधुनिक आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह रोड ओवर ब्रिज न केवल यातायात को सुरक्षित बनाएगा, बल्कि व्यापार, कृषि एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि पेटलावद क्षेत्र के विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा और क्षेत्र के समग्र विकास को बल मिलेगा।