राणापुर में लगा जन-विश्वास शिविर, 54 आवेदनों पर सुनी गई जनता की समस्याएं..

राणापुर में लगा जन-विश्वास शिविर, 54 आवेदनों पर सुनी गई जनता की समस्याएं..

सीएम हेल्पलाइन की 273 लंबित शिकायतों में 178 का निराकरण, कलेक्टर बोले—मैदानी निरीक्षण और त्वरित समाधान से मजबूत होगा जनता का विश्वास.

तेजा गाहरी राणापुर ✍️

राणापुर/झाबुआ। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार को राणापुर विकासखंड में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 54 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं अभियान के भ्रमण सप्ताह के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लंबित 273 शिकायतों में से 178 का निराकरण किया गया, जबकि अब 95 शिकायतें शेष हैं। अभियान के दौरान करीब 120 अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण भी किया।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 7 अगस्त से शुरू हुआ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान केवल बैठकों तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य अधिकारियों को धरातल पर पहुंचकर शासकीय संस्थाओं और योजनाओं का निरीक्षण करने, जनता एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनने तथा उनका त्वरित समाधान करने के लिए प्रेरित करना है। इससे शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत होगा।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन को जनसमस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिकारियों को शेष शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 4 हजार से अधिक लंबित शिकायतों में से अब करीब 1700 शिकायतें शेष हैं।

बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था पर दिए निर्देश

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कन्जावानी में पदस्थ स्टाफ नर्स के सेवाभाव का उदाहरण देते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से शासकीय सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर मानकर कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने राणापुर को प्राथमिकता वाला क्षेत्र बताते हुए विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही बारिश की कमी को देखते हुए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की संरचनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

राणापुर नगर की समस्याओं को लेकर सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने, यातायात व्यवस्था सुधारने, मंडी को सुव्यवस्थित करने तथा स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग के अधिकारियों को खेतों में पहुंचकर फसलों का निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने को कहा गया।

एसपी बोले—जनता से जुड़कर होगा समस्याओं का समाधान

पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की शिकायतों के निराकरण के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी एक ही मंच पर दिया जा रहा है। राणापुर की यातायात समस्या के समाधान के लिए सभी विभागों के साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है।

उन्होंने अतिक्रमण हटाने और बाजार शिफ्टिंग जैसे विषयों पर संबंधित पक्षों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही। वहीं जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि आने वाले समय में अभियान को क्लस्टर स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच और मजबूत हो सके।

जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं

जनसंवाद के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष दीपमाला नलवाया ने नगर में यातायात जाम एवं पेयजल की समस्या रखी। जनपद अध्यक्ष निर्मला भानु भूरिया ने निर्माण कार्यों की राशि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त समय पर नहीं मिलने का मुद्दा उठाया।

जिला पंचायत सदस्य विजय भाबोर ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राणापुर में गणित शिक्षक की कमी तथा भामसी नदी स्थित स्टॉप डैम के मेंटेनेंस की मांग रखी।

हितग्राहियों ने सुनाई सफलता की कहानी

यशस्वी एवं उद्यम संवाद में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने स्वरोजगार और सफलता की कहानी साझा की। पशुपालन विभाग से लाभान्वित पवन नायक ने बताया कि उन्होंने महज 5 लीटर दूध उत्पादन से शुरुआत की थी, जो निरंतर मेहनत के बाद बढ़कर करीब 200 लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गया।

वहीं NRLM से लाभान्वित रमिला हटिला ने पशुपालन, मुर्गीपालन, किराना दुकान एवं ढाबा व्यवसाय तथा कमीला खराड़ी ने सब्जी दुकान के माध्यम से स्वरोजगार के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित अनिता पांचाल ने किराना व्यवसाय से आजीविका में आए बदलाव की जानकारी दी। PMFME योजना से लाभान्वित दिनेश बहादुर वसुनिया ने आटा चक्की व्यवसाय शुरू करने की सफलता की कहानी बताई।

करोड़ों रुपये के ऋण एवं हितलाभ वितरित

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को ऋण एवं हितलाभ प्रदान किए गए। PMFME योजना में कैलाश डामोर को ₹1.35 लाख का ऋण स्वीकृत हुआ। पीएम स्वनिधि योजना के तहत मयंक बघेल को ₹15 हजार, कमलसिंग बबेरिया को ₹25 हजार एवं राकेश कुमार जैन को ₹25 हजार का ऋण स्वीकृत किया गया।

NRLM के तहत चार स्वयं सहायता समूहों को कृषि, पशुपालन एवं किराना गतिविधियों के लिए कुल ₹39 लाख का ऋण प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत राहुल राठौर को परिवहन सेवा के लिए ₹20 लाख का ऋण मिला।

भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना में भावेश मेड़ा को ₹4.10 लाख, शकीला डिंडोर को ₹5.60 लाख एवं महेश कुमार बामनिया को ₹1.50 लाख का ऋण प्रदान किया गया। वहीं आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना के तहत मनोज सिंगाड़ को ₹4.25 लाख का ऋण दिया गया।

शिविर में सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, एसडीएम झाबुआ महेश कुमार मंडलोई, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।