राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी-खो-खो प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी-खो-खो प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

लक्की राठौड़ झाबुआ ✍️

पेटलावद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय के खेल मैदान में कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मानवाधिकार परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष बाविष्कार, जिला अध्यक्ष अधिवक्ता वागेश सामवेदी, बॉक्सिंग एसोसिएशन झाबुआ के सचिव अंकित भंडारी एवं सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य पुरालाल चौहान उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अतिथियों ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के कबड्डी बालक वर्ग में युवा कबड्डी क्लब पेटलावद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मॉडल स्कूल पेटलावद की टीम उपविजेता रही। वहीं खो-खो बालिका वर्ग में सांदीपनि विद्यालय पेटलावद की टीम विजेता एवं इसी विद्यालय की दूसरी टीम उपविजेता रही।

समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा शील्ड एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले नेटबॉल खिलाड़ी शुभम अमलियार, उदयसिंह अमलियार तथा खो-खो खिलाड़ी आशा खड़िया एवं पपीता खड़िया को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन हेमराज गणावा, ब्लॉक युवा समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग पेटलावद ने किया। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।

अंत में खेल शिक्षक व्हाय. डी. पुरोहित ने अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।