10 अक्टूबर को झाबुआ आएंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सुबह 9:30 बजे होगा आगमन, 10:30 बजे जिला बैठक में पदाधिकारियों से करेंगे संवाद

उमेश चौहान/झाबुआ

भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल 10 अक्टूबर को झाबुआ जिले के दौरे पर रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर भाजपा संगठन में तैयारियां शुरू हो गई हैं। उनके झाबुआ प्रवास के दौरान जिला संगठन की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खंडेलवाल 10 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे इंदौर से रवाना होकर सुबह 9:30 बजे झाबुआ पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे झाबुआ में जिला बैठक आयोजित होगी। बैठक में जिला संगठन के पदाधिकारियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर संवाद और चर्चा प्रस्तावित है।

बैठक के दौरान पार्टी की आगामी गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर स्थानीय पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष जिले में संगठन की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों से जुड़े विषय भी रखे जाने की संभावना है।

बैठक के बाद दोपहर 12:30 बजे खंडेलवाल झाबुआ से अलीराजपुर के लिए रवाना होंगे। झाबुआ में उनके सीमित समय के प्रवास को देखते हुए जिला बैठक को संगठन की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर भाजपा जिला संगठन द्वारा बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भी उनके प्रवास को लेकर सक्रियता दिखाई दे रही है।