NH-47 पर भीषण सड़क हादसा: गंभीर घायल आधे घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे
108 और डायल-112 के समय पर नहीं पहुंचने के आरोप, महज 500 मीटर दूर पुलिस चौकी होने के बावजूद देर से मिली मदद
झाबुआ/रामा। महेंद्र देवदा ✍️
राष्ट्रीय राजमार्ग-47 (NH-47) पर ग्राम माछलिया में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक पुरुष और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों घायल काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे।
आधे घंटे तक नहीं पहुंची इमरजेंसी मदद, व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के तत्काल बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा एंबुलेंस एवं पुलिस को सूचना दिए जाने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सूचना के करीब आधे घंटे बाद तक मौके पर न तो 108 एंबुलेंस पहुंची और न ही डायल-112 की टीम पहुंच सकी। इस दौरान गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्ति सड़क पर ही मदद का इंतजार करते रहे।
महज 500 मीटर दूर पुलिस चौकी, फिर भी देर से पहुंची मदद
घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर माछलिया पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद पुलिस की मदद समय पर नहीं मिलने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। घटना ने आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों ने संभाला मोर्चा, चौकी के वाहन से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घायलों की हालत को देखते हुए मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने स्वयं मदद के लिए आगे आते हुए घायलों को पुलिस चौकी के वाहन से स्वास्थ्य केंद्र रामा पहुंचाया। यहां दोनों घायलों का उपचार जारी बताया जा रहा है।
कार जब्त, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर माछलिया पुलिस चौकी में खड़ा करवाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे में घायल दोनों लोगों की पहचान और उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।