इंदौर से झाबुआ जा रही बस हादसे का शिकार

झाबुआ/महेंद्र देवदा

धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र स्थित इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन के खरेली घाट में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। इंदौर से झाबुआ जा रही यात्री बस और सामने से आ रहे कंटेनर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीन यात्री सहित कंटेनर चालक घायल हो गए। हादसे के बाद बस सड़क से नीचे उतर गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार यात्री बस (क्रमांक MP 45 ZG 9950) इंदौर से झाबुआ की ओर जा रही थी। जब बस अमझेरा थाना क्षेत्र के खरेली घाट से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रहे कंटेनर (क्रमांक RJ 42 GA 2920) से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फोरलेन मार्ग पर बने एक कट पर अचानक एक डंपर के मुड़ने से बस चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर कंटेनर से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क छोड़कर नीचे उतर गई। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और आसपास के ग्रामीण व राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।